ऑनलाइन क्रिकेट सट्टा नेटवर्क का टेक मास्टरमाइंड गिरफ्तार, पुलिस ने सॉफ्टवेयर इंजीनियर को पकड़ा

रायगढ़ पुलिस ने “ऑपरेशन अंकुश” के तहत ऑनलाइन क्रिकेट सट्टा नेटवर्क के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए एक सॉफ्टवेयर इंजीनियर को गिरफ्तार किया है। आरोपी सटोरियों को सट्टा आईडी उपलब्ध कराने के साथ-साथ तकनीकी सहायता भी देता था। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से दो महंगे मोबाइल फोन जब्त कर उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।
साइबर थाना रायगढ़ की टीम ने न्यू शंकरनगर क्षेत्र में दबिश देकर 28 वर्षीय आदर्श कुमार केशरी को गिरफ्तार किया। आरोपी बी.टेक इंजीनियर है और दिल्ली की एक आईटी कंपनी में कार्यरत बताया जा रहा है। जांच में सामने आया कि वह ऑनलाइन क्रिकेट सट्टा नेटवर्क से जुड़कर सटोरियों को आईडी उपलब्ध कराता था और इसके बदले कमीशन प्राप्त करता था।
पूछताछ में खुलासा हुआ कि आरोपी और उसके साथियों ने ऐसी विशेष वेबसाइट विकसित की थी, जिसमें क्रिकेट मैच की जानकारी टीवी प्रसारण से करीब पांच सेकेंड पहले दिखाई देती थी। इस तकनीक का इस्तेमाल कर सटोरिये बॉल-टू-बॉल सट्टेबाजी में बढ़त हासिल करते थे। गिरोह देश के कई शहरों के सटोरियों को आईडी उपलब्ध कराता था और पुलिस से बचने के लिए समय-समय पर वेबसाइट और लॉगिन विवरण बदलता रहता था।
पुलिस ने आरोपी के पास से सैमसंग एस-23 और वनप्लस मोबाइल फोन जब्त किए हैं। आरोपी के खिलाफ छत्तीसगढ़ जुआ प्रतिषेध अधिनियम और आईटी एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है। एसएसपी शशि मोहन सिंह ने कहा है कि ऑनलाइन सट्टा नेटवर्क और उसके तकनीकी सहयोगियों के खिलाफ कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी और पूरे सिंडिकेट की जांच की जा रही है।




