ऑपरेशन के बाद बिगड़ी हालत, महिला की मौत, अस्पताल पर लापरवाही का आरोप

(भूपेन्द्र सिंह राठौर) : बिलासपुर जिले के रतनपुर में एक निजी नर्सिंग होम में बच्चेदानी के ऑपरेशन के बाद 50 वर्षीय महिला की मौत हो गई। घटना के बाद परिजनों ने अस्पताल प्रबंधन पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए जमकर हंगामा किया और पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है।
ग्राम पोड़ी नवागांव निवासी कुमारी बाई साहू, उम्र 50 वर्ष, का रतनपुर के एक निजी नर्सिंग होम में बच्चेदानी का ऑपरेशन किया गया था। परिजनों का आरोप है कि ऑपरेशन के बाद महिला की तबीयत बिगड़ने लगी, लेकिन अस्पताल में पर्याप्त चिकित्सा व्यवस्था नहीं होने के बावजूद उसे गंभीर हालत में दूसरे अस्पताल रेफर कर दिया गया। परिजनों का कहना है कि समय पर उचित उपचार नहीं मिलने के कारण महिला की मौत हो गई।
घटना से नाराज परिजनों ने अस्पताल पहुंचकर विरोध जताया और डॉक्टर तथा अस्पताल प्रबंधन के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। मृतका के बेटे मुकेश साहू ने मामले की शिकायत रतनपुर थाने में दर्ज कराई है। पुलिस ने शिकायत मिलने की पुष्टि करते हुए जांच शुरू कर दी है। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। वहीं घटना के बाद क्षेत्र में निजी अस्पतालों की कार्यप्रणाली को लेकर भी सवाल उठने लगे हैं।



