नशीली सिरप की बड़ी खेप बरामद, आरोपी गिरफ्तार

रायपुर पुलिस ने नशे के कारोबार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए प्रतिबंधित कोडीन युक्त नशीली सिरप के साथ एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। गुढ़ियारी थाना पुलिस को सूचना मिली थी कि झाबक पेट्रोल पंप के पास एक व्यक्ति नशीली सिरप बेचने के लिए ग्राहक की तलाश कर रहा है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर संदिग्ध युवक को हिरासत में लिया।
तलाशी के दौरान आरोपी के बैग से 249 शीशी प्रतिबंधित कोडीन युक्त सिरप बरामद हुई, जिसकी कुल मात्रा करीब 25 लीटर बताई गई है। आरोपी सिरप रखने और बेचने संबंधी कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका। पुलिस ने सिरप के साथ एक मोबाइल फोन भी जब्त किया है। जब्त सामग्री की कुल कीमत लगभग 1 लाख 40 हजार रुपये आंकी गई है।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान दुर्ग निवासी 33 वर्षीय अनिल कुमार साहू के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 21(सी) के तहत मामला दर्ज कर लिया है। साथ ही नशीले पदार्थ की सप्लाई चेन और नेटवर्क की जांच के लिए बैकएंड एवं फॉरवर्ड लिंकेज पर भी कार्रवाई की जा रही है।




