वायरल वीडियो से गरमाई सियासत, देवेंद्र यादव के कुर्ता फाड़ने वाले वीडियो पर छिड़ी बहस

(भूपेन्द्र सिंह राठौर) : बिलासपुर – नीट पेपर लीक मामले को लेकर बिलासपुर में हुए एनएसयूआई प्रदर्शन से जुड़ा एक वीडियो अब राजनीतिक गलियारों में चर्चा का विषय बन गया है। वायरल वीडियो में भिलाई विधायक देवेंद्र यादव खुद अपना कुर्ता फाड़ते हुए दिखाई दे रहे हैं। वीडियो सामने आने के बाद सियासी आरोप-प्रत्यारोप तेज हो गए हैं।नीट पेपर लीक के विरोध में एनएसयूआई कार्यकर्ताओं ने केंद्रीय राज्य मंत्री तोखन साहू के बंगले का घेराव किया था। इस दौरान पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच धक्का-मुक्की की स्थिति भी बनी थी। घटना के बाद विधायक देवेंद्र यादव ने आरोप लगाया था कि पुलिस कार्रवाई के दौरान उनका कुर्ता फाड़ दिया गया।अब सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे एक वीडियो में देवेंद्र यादव स्वयं अपने हाथों से कुर्ता फाड़ते नजर आ रहे हैं। वीडियो के वायरल होने के बाद विपक्षी दल और सोशल मीडिया यूजर्स विधायक के दावों पर सवाल उठा रहे हैं।
हालांकि वायरल वीडियो की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है और न ही इस पर विधायक देवेंद्र यादव की ओर से कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने आई है। लेकिन वीडियो के सामने आने के बाद राजनीतिक बहस तेज हो गई है।
फिलहाल यह मामला सोशल मीडिया और राजनीतिक गलियारों में चर्चा का विषय बना हुआ है। अब सभी की नजरें इस बात पर हैं कि वायरल वीडियो को लेकर विधायक देवेंद्र यादव की क्या प्रतिक्रिया सामने आती है।




