रायपुर

रायपुर के सेंट्रल बैंक जोनल ऑफिस में लगी आग, शॉर्ट सर्किट से हादसे की आशंका

राजधानी रायपुर के व्यस्त कारोबारी क्षेत्र बॉम्बे मार्केट स्थित सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया के जोनल ऑफिस में शुक्रवार को अचानक भीषण आग लग गई। आग लगते ही बैंक परिसर और आसपास के इलाके में अफरा-तफरी मच गई। देखते ही देखते आग ने कार्यालय के एक हिस्से को अपनी चपेट में ले लिया, जिससे वहां मौजूद कर्मचारियों और स्थानीय लोगों में दहशत फैल गई। घटना की सूचना मिलते ही प्रशासन और पुलिस विभाग में हड़कंप मच गया।

Advertisement

सूचना मिलने पर फायर ब्रिगेड की कई गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और आग बुझाने का अभियान शुरू किया गया। वहीं मौदहापारा थाना पुलिस भी तत्काल मौके पर पहुंची और सुरक्षा व्यवस्था संभालते हुए आसपास के लोगों को सुरक्षित दूरी पर रखा। दमकल कर्मियों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाने का प्रयास किया। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट माना जा रहा है, हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी।

Advertisement

आग से बैंक कार्यालय में रखे दस्तावेजों, फर्नीचर और अन्य सामान को नुकसान पहुंचने की आशंका जताई जा रही है। राहत की बात यह है कि फिलहाल किसी के हताहत होने की सूचना नहीं मिली है। प्रशासन द्वारा नुकसान का आकलन किया जा रहा है और आग लगने के वास्तविक कारणों की जांच शुरू कर दी गई है। इस घटना के बाद पूरे इलाके में लोगों की भारी भीड़ जुट गई और देर तक अफरा-तफरी का माहौल बना रहा।

Related Articles

Back to top button