बुजुर्ग दंपती की निर्मम हत्या, सिर कुचलकर उतारा मौत के घाट, इलाके में सनसनी

सक्ती जिले में मंगलवार रात एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है। मालखरोदा थाना क्षेत्र में अज्ञात बदमाशों ने घर में घुसकर बुजुर्ग दंपती की सिर कुचलकर हत्या कर दी। घटना का खुलासा बुधवार सुबह हुआ, जिसके बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई।
मृतकों की पहचान 70 वर्षीय पुरुषोत्तम खूंटे और 55 वर्षीय गोहारिन बाई के रूप में हुई है। सुबह पड़ोस की एक महिला किसी काम से उनके घर पहुंची तो दोनों को खून से लथपथ मृत अवस्था में पड़ा देखा। इसकी सूचना ग्रामीणों और पुलिस को दी गई। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि अज्ञात आरोपियों ने दोनों के सिर पर वार कर उनकी हत्या की है। घटना के समय परिवार के अन्य सदस्य घर पर मौजूद नहीं थे।
सूचना मिलते ही एसपी प्रफुल्ल ठाकुर, एएसपी पंकज पटेल और एसडीओपी डॉ. भुवनेश्वरी पैंकरा पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। जांच के लिए डॉग स्क्वायड और एफएसएल टीम को भी बुलाया गया, जिन्होंने घटनास्थल से अहम साक्ष्य जुटाए। पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और हत्या के कारणों का पता लगाने के लिए हर एंगल से जांच शुरू कर दी है। फिलहाल पुलिस संदिग्धों की तलाश में जुटी हुई है।




