नक्सलियों की साजिश नाकाम, जंगल-पहाड़ी क्षेत्र से 3 टिफिन IED बरामद, बीडीएस टीम ने किया निष्क्रिय

उत्तर बस्तर कांकेर जिले में सुरक्षाबलों को नक्सल विरोधी अभियान के दौरान बड़ी सफलता मिली है। छोटे-बेठिया थाना क्षेत्र के ग्राम हिदुर के जंगल-पहाड़ी इलाके में संयुक्त सर्चिंग अभियान के दौरान सुरक्षा बलों ने 3 टिफिन आईईडी बरामद किए हैं। प्रत्येक आईईडी का वजन करीब 3 किलोग्राम बताया जा रहा है।
कांकेर जिला पुलिस, बीएसएफ और बम निरोधक दस्ते यानी बीडीएस टीम की संयुक्त कार्रवाई में यह सफलता मिली। सर्चिंग के दौरान बरामद किए गए विस्फोटकों को बीडीएस टीम ने मौके पर ही सुरक्षित तरीके से डिफ्यूज कर नष्ट कर दिया। माना जा रहा है कि नक्सलियों ने सुरक्षाबलों को नुकसान पहुंचाने की मंशा से इन आईईडी को जंगल क्षेत्र में छिपाकर रखा था।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार नक्सल प्रभावित और सीमावर्ती क्षेत्रों में अतिरिक्त सतर्कता के साथ लगातार सघन सर्चिंग अभियान चलाया जा रहा है। सुरक्षा बलों की लगातार कार्रवाई से नक्सली गतिविधियों पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित हो रहा है। क्षेत्र में शांति और सुरक्षा बनाए रखने के लिए आगे भी संयुक्त अभियान जारी रहेगा।




