रायपुर

बिस्कुट फैक्ट्री में लगी भीषण आग, जलकर हुई खाक, करोड़ों के नुकसान का अनुमान

रायपुर के उरला थाना क्षेत्र स्थित मैटल पार्क रावभाटा में उस वक्त अफरा-तफरी मच गई, जब भारती फुड्स फैक्ट्री में अचानक भीषण आग लग गई। घटना रात करीब 9 बजे की बताई जा रही है। आग लगने की सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड, एसडीआरएफ और पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और आग पर काबू पाने के प्रयास शुरू किए गए। शुरुआती जानकारी के अनुसार फैक्ट्री में कई लोगों के फंसे होने की आशंका जताई गई थी।

Advertisement

बताया जा रहा है कि फैक्ट्री में बिस्कुट निर्माण का काम किया जाता है। अज्ञात कारणों से लगी आग ने देखते ही देखते पूरे परिसर को अपनी चपेट में ले लिया। आग की लपटें और धुएं का गुबार दूर-दूर तक दिखाई देता रहा। राहत और बचाव कार्य के दौरान प्रशासनिक अधिकारी भी मौके पर मौजूद रहे और स्थिति पर लगातार नजर बनाए रखी।

Advertisement

फैक्ट्री की मालिक भारती कोड़वानी बताई जा रही हैं। प्रारंभिक अनुमान के मुताबिक इस आगजनी में करीब 4 से 5 करोड़ रुपये के आर्थिक नुकसान की आशंका है। मशीनरी के साथ-साथ 1 से डेढ़ करोड़ रुपये का कच्चा माल और तैयार उत्पाद भी जलकर खाक हो गए हैं। फिलहाल आग लगने के कारणों का पता नहीं चल पाया है और जांच जारी है।

Related Articles

Back to top button