बिलासपुर

कोल माफिया पर बड़ी कार्रवाई, डिपो मालिक समेत 5 आरोपी गिरफ्तार

(भूपेंद्र सिंह राठौर ) : बिलासपुर जिले के हिर्री थाना क्षेत्र में कोल माफिया के खिलाफ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए डिपो मालिक, वाहन मालिक और ट्रेलर चालकों समेत 5 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। मामला पेण्ड्रीडीह स्थित कोल डिपो का है, जहां उच्च गुणवत्ता वाले कोयले की हेरा-फेरी कर उसे कम गुणवत्ता वाले कोयले से बदला जा रहा था। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ बीएनएस की विभिन्न धाराओं के तहत अपराध दर्ज किया है।

Advertisement

प्रार्थी आशीष केशरी ने शिकायत में बताया कि अमेरा विश्रामपुर क्षेत्र से जी-6 उच्च गुणवत्ता वाला कोयला ट्रेलरों में लोड कर सिलतरा स्थित गोपाल स्पंज एंड पावर प्राइवेट लिमिटेड भेजा गया था। आरोप है कि रास्ते में ट्रेलरों को पेण्ड्रीडीह चौक के पास रोककर कोयला नरेश अग्रवाल के डिपो ले जाया गया, जहां प्रत्येक वाहन से करीब पांच-पांच टन उच्च गुणवत्ता का कोयला उतारकर उसकी जगह निम्न गुणवत्ता वाला कोयला भर दिया गया।

Advertisement

मामले की गंभीरता को देखते हुए हिर्री पुलिस ने वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में जांच शुरू की। पुलिस ने मौके का निरीक्षण कर सैंपल जांच, गवाहों के बयान और जब्ती कार्रवाई पूरी की। जांच में आरोप सही पाए जाने पर डिपो मालिक नरेश अग्रवाल, वाहन स्वामी गंगा प्रसाद साहू और तीन ट्रेलर चालकों फिरोज अंसारी, निसार अंसारी तथा इमरान अंसारी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।

Related Articles

Back to top button