तेंदुए का आतंक, 24 घंटे में दो बच्चों पर हमला, इलाके में दहशत

गरियाबंद जिले में तेंदुए का आतंक लगातार बढ़ता जा रहा है। 24 घंटे के भीतर दो बच्चों पर हमले की घटना सामने आने के बाद पूरे इलाके में दहशत का माहौल है। ताजा मामला पटोरा इलाके का है, जहां आदमखोर तेंदुए ने घर के आंगन में खेल रही 5 साल की मासूम कोनिका पर हमला कर उसे उठाकर ले जाने की कोशिश की।
मासूम की चीख सुनते ही माता-पिता अपनी जान जोखिम में डालकर तेंदुए के पीछे दौड़ पड़े। परिजनों के शोर और साहस के आगे तेंदुआ घबरा गया और बच्ची को छोड़कर जंगल की ओर भाग निकला। घायल बच्ची को पहले गरियाबंद जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां से उसकी गंभीर हालत को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए रायपुर रेफर किया गया है।
बताया जा रहा है कि इससे एक दिन पहले चट्टान पारा इलाके में भी तेंदुए ने 10 साल के बच्चे पर हमला कर उसे उठाने की कोशिश की थी। ग्रामीणों का दावा है कि दोनों घटनाओं में एक ही तेंदुआ शामिल हो सकता है। लगातार हो रहे हमलों से ग्रामीणों में भारी डर का माहौल है। वन विभाग की टीम मौके पर पहुंचकर तेंदुए की तलाश में जुटी हुई है, लेकिन इलाके में अब भी खौफ बना हुआ है।



