Uncategorized

राजस्थान के दो अंतर्राज्यीय गांजा तस्कर रायपुर में गिरफ्तार….

रायपुर पुलिस कमिश्नरेट की सूखे नशे के खिलाफ चल रही जीरो टॉलरेंस मुहिम के तहत थाना टिकरापारा पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए राजस्थान के दो अंतर्राज्यीय गांजा तस्करों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से करीब 8 किलो 122 ग्राम गांजा बरामद किया है, जिसकी कीमत लगभग 4 लाख रुपये बताई जा रही है। दोनों आरोपी बस स्टैंड भाठागांव इलाके में गांजा बेचने के लिए ग्राहक तलाश रहे थे, तभी पुलिस ने घेराबंदी कर उन्हें दबोच लिया।

Advertisement

जानकारी के मुताबिक पुलिस उपायुक्त पश्चिम संदीप कुमार पटेल के निर्देश पर सूखे नशे के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है। अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त राहुल देव शर्मा और सहायक पुलिस आयुक्त नवनीत पाटिल के मार्गदर्शन में थाना टिकरापारा पुलिस की टीम को मुखबिर से सूचना मिली थी कि दो संदिग्ध युवक शुलभ शौचालय के पास गांजा बेचने की फिराक में खड़े हैं। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर दोनों को हिरासत में लिया और तलाशी के दौरान गांजा बरामद किया।

Advertisement

पूछताछ में आरोपियों ने अपना नाम दिलशेर खान और कसीम अली निवासी जिला टोंक राजस्थान बताया। पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ थाना टिकरापारा में एनडीपीएस एक्ट की धारा 20बी के तहत मामला दर्ज कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है। पुलिस का कहना है कि राजधानी में नशे के कारोबार पर लगातार सख्त कार्रवाई जारी रहेगी और ऐसे कारोबार में शामिल लोगों को किसी भी हाल में बख्शा नहीं जाएगा।

Related Articles

Back to top button