मनेन्द्रगढ़ में ट्रैफिक अव्यवस्था पर अंकुश लगाने पुलिस सक्रिय….

(राम प्रसाद गुप्ता) : एमसीबी। जिला मुख्यालय मनेन्द्रगढ़ में ट्रैफिक जाम की समस्या दिनों-दिन गंभीर स्वरूप धारण करती जा रही है। मुख्य बाजार में अव्यवस्थित तरीके से खड़े वाहन और दुकानों के बाहर सड़क तक फैलाया गया सामान आम लोगों के आवागमन को बाधित कर रहा है। इसी समस्या को ध्यान में रखते हुए पुलिस अधीक्षक श्रीमती रत्ना सिंह के निर्देशानुसार गुरुवार की दोपहर नवपदस्थ थाना प्रभारी निरीक्षक दीपेश सैनी ने शहर के प्रमुख व्यापारियों के साथ महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की। बैठक में बाजार की वर्तमान स्थिति, पार्किंग व्यवस्था, अतिक्रमण, यातायात दबाव और सुरक्षा उपायों पर विस्तार से चर्चा हुई।
थाना प्रभारी दीपेश सैनी ने स्पष्ट कहा कि ट्रैफिक व्यवस्था सुधारने में पुलिस के साथ-साथ व्यापारियों की भूमिका भी महत्वपूर्ण है। उन्होंने चेताया कि दुकानों के बाहर अनावश्यक सामान रखकर सड़क घेरने की प्रवृत्ति से यातायात बाधित होता है और बार बार समझाइश के बावजूद स्थिति में सुधार ना होने पर अब सख्त कार्यवाही की जाएगी। उन्होंने यह भी बताया कि नगरपालिका के सहयोग से अतिक्रमण हटाने की प्रक्रिया जल्द शुरू होगी। व्यापारियों ने भी पुलिस प्रशासन को विश्वास दिलाया कि वे पूर्ण सहयोग करेंगे और अपने स्तर पर ट्रैफिक अव्यवस्था रोकने का प्रयास करेंगे। थाना प्रभारी ने जानकारी दी कि बाजार क्षेत्र में जल्द ही सुव्यवस्थित पार्किंग प्रबंधन, नियमित अतिक्रमण कार्यवाही और अतिरिक्त ट्रैफिक स्टाफ की तैनाती की जायेगी ताकि शहर की ट्रैफिक समस्या को स्थायी समाधान मिल सके।




