ब्लाइंड मर्डर का खुलासा, दोस्त ही निकला कातिल, मामूली विवाद में की बेरहमी से हत्या

रायगढ़ पुलिस ने सीतापुर इलाके में हुए ब्लाइंड मर्डर केस का खुलासा करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। हैरानी की बात यह है कि युवक की हत्या उसके ही दोस्त ने मामूली विवाद में कर दी थी। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।
मामला कोतरारोड़ थाना क्षेत्र का है, जहां 15 मई को सीतापुर स्थित सामुदायिक शौचालय के पास एक युवक का शव बरामद हुआ था। मृतक की पहचान भगवानपुर निवासी 21 वर्षीय तिलक वर्मा के रूप में हुई थी। शव पर गंभीर चोट के निशान मिलने के बाद पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू की।
जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि घटना की रात मृतक तिलक वर्मा और उसके दोस्त अमन बसोड़ के बीच टावर मैदान में विवाद और मारपीट हुई थी। घटना के बाद से अमन फरार था, जिससे पुलिस का शक उस पर गहराया। मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने आरोपी को पुराना बस स्टैंड के पास से गिरफ्तार कर लिया।
पूछताछ में आरोपी अमन बसोड़ ने हत्या करना स्वीकार कर लिया। आरोपी ने बताया कि दोनों के बीच पहले सीमेंट पोल तोड़ने की बात पर विवाद हुआ था। बाद में शराब की तलाश में दोनों सीतापुर पहुंचे, जहां पुरानी बात को लेकर फिर विवाद शुरू हो गया। गुस्से में आरोपी ने पहले हाथ में पहने लोहे के कड़े से हमला किया और फिर ईंट से ताबड़तोड़ वार कर तिलक की हत्या कर दी।
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से घटना में इस्तेमाल किया गया कड़ा और खून लगे कपड़े बरामद किए हैं। एसएसपी शशि मोहन सिंह ने कहा है कि हत्या जैसे गंभीर अपराध कर फरार होने वाले आरोपियों को किसी भी हाल में बख्शा नहीं जाएगा और अपराधियों के खिलाफ लगातार सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।




