नहर में मिली युवक की लाश, जांच में जुटी पुलिस.

(भूपेन्द्र सिंह राठौर) : बिलासपुर के मस्तुरी क्षेत्र में उस वक्त सनसनी फैल गई, जब शराब दुकान के पास नहर में एक युवक की लाश मिली। युवक कल से लापता बताया जा रहा था। सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची मस्तुरी पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। मामला मस्तुरी थाना क्षेत्र का है, जहां शराब दुकान के पास स्थित नहर में आज सुबह एक युवक का शव मिलने से इलाके में हड़कंप मच गया। स्थानीय लोगों ने नहर में शव उतराता देखा, जिसके बाद तुरंत पुलिस को सूचना दी गई।
मृतक की पहचान इटवा निवासी युवक के रूप में की जा रही है। बताया जा रहा है कि युवक बीते दिन से लापता था और परिजन उसकी तलाश कर रहे थे। सूचना मिलते ही मस्तुरी पुलिस मौके पर पहुंची और शव को नहर से बाहर निकलवाकर पंचनामा कार्रवाई शुरू की।
फिलहाल मौत के कारण स्पष्ट नहीं हो पाए हैं। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है। फिलहाल पुलिस पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार कर रही है, जिसके बाद मौत के कारणों का खुलासा हो सकेगा।




