अधिवक्ता हत्याकांड का खुलासा, प्रेमी निकला कातिल, शादी के दबाव में की हत्या

रायगढ़ पुलिस ने महिला अधिवक्ता की हत्या के सनसनीखेज मामले का खुलासा करते हुए आरोपी प्रेमी को गिरफ्तार कर लिया है। कटेल टिकरा जंगल में नग्न अवस्था में मिले शव की पहचान होने के बाद पुलिस ने तकनीकी जांच, कॉल डिटेल और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपी तक पहुंच बनाई। पुलिस के मुताबिक शादी का दबाव बनने पर आरोपी ने पूरी साजिश रचकर वारदात को अंजाम दिया था।
मामला पूंजीपथरा थाना क्षेत्र का है, जहां 12 मई को कटेल टिकरा जंगल में एक अज्ञात महिला का शव मिला था। सूचना मिलते ही पुलिस, एफएसएल और डॉग स्क्वॉड की टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू की गई। बाद में शव की पहचान लैलूंगा निवासी अधिवक्ता आराधना सिदार के रूप में हुई।जांच के दौरान पुलिस को सीसीटीवी फुटेज में एक युवक महिला को बाइक पर ले जाते दिखाई दिया। बाइक नंबर के आधार पर पुलिस सक्ती निवासी लोकनाथ पटेल तक पहुंची और हिरासत में लेकर पूछताछ की।
पूछताछ में आरोपी ने बताया कि उसका मृतिका के साथ करीब दो साल से प्रेम संबंध था। आरोपी पहले से शादीशुदा था और महिला लगातार शादी का दबाव बना रही थी। इसी बात से परेशान होकर उसने हत्या की साजिश रची। आरोपी महिला को पहले दमाऊधारा मंदिर और फिर एक लॉज में लेकर गया, जहां फर्जी नाम से कमरा लिया गया। अगले दिन वह महिला को सुनसान जंगल में ले गया और गला दबाकर तथा पत्थर और धारदार हथियार से हमला कर हत्या कर दी।
वारदात के बाद आरोपी ने सबूत मिटाने की कोशिश की और मृतिका के मोबाइल से उसकी बहन और सहेलियों को फोन कर महिला की आवाज में बात भी करता रहा, ताकि किसी को शक न हो। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से मोबाइल, कपड़े और अन्य साक्ष्य बरामद कर उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।
रायगढ़ पुलिस का कहना है कि वैज्ञानिक और तकनीकी जांच के जरिए गंभीर अपराधों का तेजी से खुलासा किया जा रहा है और अपराधियों को किसी भी हाल में बख्शा नहीं जाएगा।



