रायपुर
पंजाब के ट्रक से डोडा-अफीम बरामद, तस्कर गिरफ्तार….

राजधानी रायपुर में मादक पदार्थ तस्करी का बड़ा मामला सामने आया है। टाटीबंध इलाके में पंजाब नंबर के एक ट्रक से डोडा और अफीम की सप्लाई की जा रही थी। सूचना के आधार पर पुलिस ने जांच के दौरान ट्रक को रोका और तलाशी ली, जिसमें ट्रक के केबिन में छिपाकर रखा गया मादक पदार्थ बरामद किया गया।
तलाशी के दौरान पुलिस ने 4 किलो 432 ग्राम डोडा और 79 ग्राम अफीम जब्त की। बरामद मादक पदार्थ की अनुमानित कीमत 15 लाख 25 हजार रुपये आंकी गई है। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने आरोपी बलराम सिंह को मौके से गिरफ्तार कर लिया।
यह पूरा मामला आमानाका थाना क्षेत्र का है। पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है और यह पता लगाया जा रहा है कि मादक पदार्थ कहां से लाया गया था और इसकी सप्लाई किन लोगों तक की जानी थी।



