नारायणपुर बॉर्डर पर IED ब्लास्ट, DRG के 4 जवान शहीद

छत्तीसगढ़ के कोंकेर-नारायणपुर बॉर्डर से बड़ी खबर है। छोटेबेठिया थाना क्षेत्र के कोरेसकोड़ा जंगल में सर्च ऑपरेशन के दौरान नक्सलियों द्वारा बिछाए गए IED में जोरदार विस्फोट हुआ। हादसे में DRG के चार जवान शहीद हो गए।
बताया जा रहा है कि जवान जंगल में सर्चिंग के दौरान IED डिफ्यूज कर रहे थे, तभी अचानक धमाका हो गया। विस्फोट इतना तेज था कि मौके पर मौजूद जवानों को संभलने का मौका नहीं मिला। हादसे में तीन जवानों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया।घायल जवान परमानंद कोर्राम को बेहतर इलाज के लिए रायपुर एयरलिफ्ट किया गया था, लेकिन इलाज के दौरान उन्होंने भी दम तोड़ दिया। इस तरह इस घटना में शहीद जवानों की संख्या बढ़कर चार हो गई है।
शहीद होने वालों में इंस्पेक्टर सुखराम वड्डी, कांस्टेबल कृष्णा कुमार, कांस्टेबल संजय गढ़पाले और जवान परमानंद कोर्राम शामिल हैं।
बस्तर रेंज के आईजी सुंदरराज पी. ने घटना की पुष्टि की है। उनके मुताबिक, सर्च ऑपरेशन के दौरान सुरक्षाबलों को एक नक्सली डंप भी मिला है। सरेंडर कर चुके नक्सलियों से मिले इनपुट के आधार पर पिछले कई महीनों से इलाके में लगातार आईईडी बरामदगी अभियान चलाया जा रहा था, जिसके दौरान यह हादसा हुआ।




