नौकरी दिलाने के नाम पर लाखों की ठगी, फर्जी जॉइनिंग लेटर बनाने वाला आरोपी गिरफ्तार

दुर्ग जिले के भिलाई नगर थाना क्षेत्र में नौकरी दिलाने के नाम पर लाखों की ठगी करने वाले आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी फर्जी नियुक्ति पत्र बनाकर लोगों को झांसा देता था।
पुलिस के मुताबिक आरोपी सातुम सेम्युल गुज्जर उर्फ आदी ने शिक्षा विभाग, स्वास्थ्य विभाग और बीएसपी में नौकरी लगवाने का लालच देकर 4 लोगों से करीब 16 लाख 15 हजार रुपये की ठगी की। आरोपी फर्जी जॉइनिंग लेटर और कूटरचित दस्तावेज तैयार कर पीड़ितों को सौंपता था। शिकायत के बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर तकनीकी जांच के जरिए आरोपी को गिरफ्तार किया।
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से फर्जी दस्तावेज और इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्य जब्त किए हैं। फिलहाल आरोपी को न्यायालय में पेश कर रिमांड पर भेज दिया गया है। दुर्ग पुलिस ने आम लोगों से अपील की है कि नौकरी के नाम पर किसी को पैसे न दें और केवल अधिकृत माध्यमों पर ही भरोसा करें।




