नाराज बेटे ने फावड़े से की माँ की हत्या, पिता पर भी किया हमला, आरोपी गिरफ्तार

रायगढ़ जिले से दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है, जहां पारिवारिक नाराजगी के चलते एक बेटे ने अपनी ही मां की फावड़े से हत्या कर दी। रायगढ़ पुलिस ने इस मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।
घटना रैरूमाखुर्द क्षेत्र की है, जहां आरोपी आर्यन दास महन्त ने अपनी मां फुलबाई महन्त को घर से बाहर खींचकर फावड़े से गर्दन पर कई वार किए, जिससे मौके पर ही उनकी मौत हो गई। वारदात के बाद आरोपी अपने पिता पर भी हमला करने दौड़ा, लेकिन पिता किसी तरह जान बचाकर मौके से भाग निकले और पुलिस को सूचना दी।
सूचना मिलते ही पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपी को हिरासत में लिया और उसकी निशानदेही पर घटना में इस्तेमाल किया गया फावड़ा भी बरामद कर लिया। आरोपी के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।मामले में शशि मोहन सिंह ने कहा कि क्षणिक आवेश में किया गया अपराध जीवनभर का पछतावा बन जाता है और पुलिस आरोपी को सख्त सजा दिलाने का प्रयास करेगी। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है और आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।




