देर रात नकाबपोशों ने की फायरिंग, लूट की कोशिश में युवक की मौत, एक गंभीर रूप से घायल

जांजगीर-चांपा जिले के बिर्रा थाना क्षेत्र अंतर्गत करही गांव में देर रात सनसनीखेज वारदात सामने आई है। अज्ञात नकाबपोश बदमाशों ने व्यवसायी सम्मलाल कश्यप के घर में घुसकर फायरिंग कर दी। बताया जा रहा है कि आरोपी लूट की नीयत से घर में दाखिल हुए थे।घर में घुसते ही बदमाशों ने परिवार के सदस्यों को निशाना बनाया और ताबड़तोड़ गोलियां चलानी शुरू कर दीं। इस दौरान आयुष कश्यप को दो गोलियां लगीं, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। वहीं आशुतोष कश्यप के दाहिने हाथ में गोली लगने से वह गंभीर रूप से घायल हो गया।
घटना के दौरान आरोपियों ने घर के अन्य सदस्यों को कमरों में बाहर से बंद कर दिया था, जिससे वे मदद के लिए बाहर नहीं निकल सके। वारदात के बाद इलाके में दहशत का माहौल है और ग्रामीणों में भारी आक्रोश देखा जा रहा है।
घायल आशुतोष कश्यप को तत्काल जिला अस्पताल जांजगीर में भर्ती कराया गया है, जहां उसका इलाज जारी है। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी है। फिलहाल आरोपियों की तलाश जारी है और पुलिस आसपास के इलाकों में सघन सर्च ऑपरेशन चला रही है।



