UPDATE : वेदांता पावर प्लांट में भीषण ब्लास्ट, कई मजदूरों की मौत, दर्जनों झुलसे….

सक्ती जिले के डभरा थाना क्षेत्र स्थित सिंघीतराई के वेदांता पावर प्लांट में मंगलवार दोपहर अचानक बॉयलर ब्लास्ट हो गया। इस दर्दनाक हादसे में कई मजदूरों की मौत की खबर सामने आ रही है, जबकि 30 से 40 मजदूर गंभीर रूप से झुलस गए हैं। एसपी प्रफुल्ल ठाकुर ने 4 मजदूरों की मौत की पुष्टि की है, वहीं अस्पताल में भर्ती अन्य घायलों में भी मौत का आंकड़ा बढ़ने की आशंका जताई जा रही है।
हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। घायलों को तत्काल रायगढ़ के जिला अस्पताल और खरसिया के अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां कई मजदूरों की हालत नाजुक बनी हुई है। बताया जा रहा है कि दोपहर करीब 2 बजे प्लांट में काम के दौरान अचानक बॉयलर फट गया, जिससे यह बड़ा हादसा हुआ। सूचना मिलते ही पुलिस, दमकल और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंच गई और राहत-बचाव कार्य शुरू किया गया।
घटना के बाद प्लांट के बाहर मजदूरों के परिजनों का जमावड़ा लग गया है और वे अपने परिजनों से मिलने की मांग कर रहे हैं। मौके पर भारी पुलिस बल तैनात किया गया है। वहीं मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने घटना पर गहरा दुख जताते हुए दोषियों पर सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए हैं।




