वेदांता प्लांट हादसा: 14 मौतें, 34 से ज्यादा मजदूर झुलसे, लापता युवक की तलाश जारी

सक्ती जिले के वेदांता पावर प्लांट में हुए भीषण हादसे में अब तक 14 लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि 34 से अधिक मजदूर गंभीर रूप से झुलस गए हैं। हादसे के बाद पूरे इलाके में शोक का माहौल है और मृतकों के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। प्रशासन और राहत टीमें मौके पर मौजूद हैं और हालात पर नजर बनाए हुए हैं।
हादसे में लापता उद्धव सिंह यादव को लेकर परिवार की चिंता बढ़ती जा रही है। उसके भाई माधव प्रसाद यादव ने बताया कि घटना के बाद से उसका कोई पता नहीं चल पाया है। परिजन अस्पतालों और अधिकारियों के चक्कर काट रहे हैं, लेकिन अभी तक कोई ठोस जानकारी सामने नहीं आई है।
परिजनों ने प्लांट प्रबंधन पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उनका कहना है कि हादसे के बाद से सही जानकारी नहीं दी जा रही है और लापता लोगों को लेकर भी स्थिति स्पष्ट नहीं की जा रही। इससे परिजनों में आक्रोश और बेचैनी लगातार बढ़ रही है।
हादसे के बाद केंद्र, राज्य सरकार और वेदांता प्रबंधन की ओर से मुआवजे का ऐलान किया गया है। मृतकों के परिजनों को कुल 42 लाख रुपये और घायलों को 16 लाख रुपये तक की सहायता दी जाएगी। कलेक्टर अमृत विकास तोपनो ने बताया कि घायलों के इलाज के लिए अस्पतालों को अलर्ट पर रखा गया है और मामले की मजिस्ट्रियल जांच के आदेश दे दिए गए हैं। मृतकों की पहचान की प्रक्रिया जारी है।




