बुजुर्ग से मारपीट कर लूट, पुलिस ने 4 आरोपियों को गिरफ्तार

(भूपेंद्र सिंह राठौर) : बिलासपुर के मस्तूरी थाना क्षेत्र में देर रात एक राहगीर के साथ मारपीट कर लूट की वारदात सामने आई है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए महज कुछ घंटों में सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। घटना 30 मार्च की रात करीब 12 बजे की है, जब चौकी मल्हार क्षेत्र में चकरबेढ़ा और डगनिया के बीच चार आरोपियों ने 62 वर्षीय रामप्यारे राय को रोककर पैसे की मांग की।
विरोध करने पर आरोपियों ने बेल्ट और हाथ-मुक्कों से मारपीट की और उनकी जेब में रखे 1400 रुपये लूट लिए। वारदात के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए, जबकि घायल पीड़ित पूरी रात घटनास्थल पर ही पड़ा रहा। सुबह ग्रामीणों ने उसे घर पहुंचाया, जिसके बाद पीड़ित ने पुलिस में रिपोर्ट दर्ज कराई।
मामले को गंभीरता से लेते हुए पुलिस ने टीम गठित कर त्वरित कार्रवाई की और मुखबिर की सूचना पर सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। आरोपियों के पास से लूटी गई रकम और वारदात में इस्तेमाल बेल्ट भी बरामद कर ली गई है। फिलहाल सभी आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है और पुलिस आगे की जांच में जुटी है।




