फिल स्टील एंड पावर प्लांट में इंडक्शन फर्नेस ब्लास्ट, क्रेन ऑपरेटर गंभीर रूप से झुलसा

(भूपेंद्र सिंह राठौर) : बिलासपुर के घुटकू स्थित फिल स्टील एंड पावर प्राइवेट लिमिटेड प्लांट में बड़ा हादसा हो गया। जहां इंडक्शन फर्नेस फटने से एक क्रेन ऑपरेटर गंभीर रूप से झुलस गया। घायल को शहर के निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसकी हालत नाजुक बनी हुई है।
शहर से लगे घटना कोनी थाना क्षेत्र के
निरतू-घुटकू स्थित फिल स्टील प्लांट की है। जहां शनिवार दोपहर इंडक्शन फर्नेस में अचानक विस्फोट हो गया। हादसे के दौरान बिहार निवासी 26 वर्षीय क्रेन ऑपरेटर आशुतोष कुमार इसकी चपेट में आ गया और करीब 60 प्रतिशत तक झुलस गया। घटना की सूचना मिलते ही सिटी कोतवाली सीएसपी गगन कुमार और पुलिस टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। घायल को तत्काल प्रताप चौक स्थित केयर एंड क्योर अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसकी हालत गंभीर बनी हुई है। बताया जा रहा है कि धुआं फेफड़ों में जाने के कारण उसे सांस लेने में भी दिक्कत हो रही है और उसे आईसीयू में रखा गया है। हादसे के बाद प्लांट में बॉयलर ब्लास्ट और तीन लोगों की मौत की अफवाह भी फैल गई। लेकिन पुलिस और प्रबंधन ने इन खबरों को पूरी तरह भ्रामक बताया है।
एएसपी रजनेश सिंह के मुताबिक इस घटना में केवल एक ही व्यक्ति घायल हुआ है वहीं प्लांट प्रबंधन ने भी स्पष्ट किया है कि कोई बड़ा विस्फोट या जनहानि नहीं हुई है। बताया जा रहा है कि संबंधित फर्नेस ठेके पर संचालित किया जा रहा था और घायल कर्मचारी ठेकेदार का ही स्टाफ है। परिजनों को घटना की सूचना दे दी गई है और फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है।
फिलहाल सबसे बड़ा सवाल यही है कि आखिर प्लांट में सुरक्षा मानकों का कितना पालन हो रहा था और क्या इस हादसे को रोका जा सकता था। इसका जवाब जांच के बाद ही सामने आएगा।




