फ्रिज ब्लास्ट के बाद घर में लगी आग, महिला की मौत

(भूपेंद्र सिंह राठौर) : बिलासपुर – सरकंडा थाना क्षेत्र के लिंगियाडीह इलाके में रविवार देर रात एक दर्दनाक हादसा हो गया। साईं मंदिर के पीछे स्थित एक मकान में फ्रिज में हुए ब्लास्ट के बाद भीषण आग लग गई, जिसमें घर में अकेली रह रही बुजुर्ग महिला की मौत हो गई। इस घटना से पूरे इलाके में हड़कंप मच गया।
मिली जानकारी के अनुसार लिंगियाडीह निवासी 57 वर्षीय जया अग्रवाल अपने घर में अकेली रहती थीं। रविवार देर रात अचानक उनके घर में रखे फ्रिज में जोरदार धमाका हुआ, जिसके बाद आग तेजी से पूरे कमरे में फैल गई। धमाके की तेज आवाज सुनकर आसपास के लोग अपने घरों से बाहर निकल आए और मौके पर भीड़ जमा हो गई। स्थानीय लोगों ने बाल्टियों में पानी भरकर आग बुझाने की कोशिश की, लेकिन आग इतनी भीषण थी कि उस पर काबू पाना मुश्किल हो गया।
सूचना मिलते ही सरकंडा पुलिस और दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंची। दमकल कर्मियों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया, लेकिन तब तक कमरे का अधिकांश सामान जलकर खाक हो चुका था। आग बुझने के बाद जब घर के अंदर तलाशी ली गई तो कमरे से महिला का बुरी तरह झुलसा हुआ शव बरामद हुआ। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक शुरुआत में लोगों को लगा कि गैस सिलेंडर फट गया है, लेकिन प्रारंभिक जांच में फ्रिज ब्लास्ट की बात सामने आई है। घटना के बाद पूरे क्षेत्र में शोक और दहशत का माहौल है। फिलहाल पुलिस हादसे के वास्तविक कारणों की जांच कर रही है और तकनीकी पहलुओं की भी पड़ताल की जा रही है।




