डॉक्टरों का संलग्नीकरण खत्म करने आदेश, 3 दिन में मूल पदस्थापना पर लौटने के निर्देश

(जयेन्द्र गोले) : छत्तीसगढ़ में स्वास्थ्य विभाग ने बड़ा फैसला लेते हुए डॉक्टरों और स्वास्थ्य कर्मियों के संलग्नीकरण को तत्काल प्रभाव से समाप्त करने का आदेश जारी किया है। संचालनालय स्वास्थ्य सेवाएं की ओर से जारी पत्र में ऐसे सभी अधिकारियों को तीन दिनों के भीतर आदेश का पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।जारी आदेश मे कहा गया है की प्रदेश के विभिन्न स्वास्थ्य संस्थानों में मूल पदस्थापना से अन्य संस्थानों में संलग्न किए गए डॉक्टरों और चिकित्सा कर्मियों का संलग्नीकरण समाप्त कर दिया गया है। यह घोषणा लोक स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग के मंत्री द्वारा 12 मार्च को विधानसभा में की गई थी।
आदेश में सभी संभागीय संयुक्त संचालक, मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी और सिविल सर्जन सह मुख्य अस्पताल अधीक्षकों को निर्देशित किया गया है कि वे तीन दिनों के भीतर सभी संलग्नीकरण समाप्त कर संबंधित डॉक्टरों और कर्मचारियों को उनके मूल पदस्थापना स्थान पर वापस भेजना सुनिश्चित करें।
स्वास्थ्य विभाग के इस फैसले के बाद प्रदेश के अस्पतालों और स्वास्थ्य संस्थानों में डॉक्टरों की तैनाती को लेकर बड़ा प्रशासनिक बदलाव देखने को मिल सकता है।
डॉक्टरों के संलग्नीकरण की सूची कई बार लोकस्वर के माध्यम से प्रकाशित की गई थी, लेकिन स्वास्थ्य विभाग के उच्च अधिकारियों की उदासीनता के कारण इस पर कोई ठोस कार्रवाई नहीं हो सकी। बाद में स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने विधानसभा सत्र में संलग्नीकरण समाप्त करने की घोषणा की, जिसके बाद इस संबंध में आदेश जारी किया गया। इस फैसले में लोकस्वर में प्रकाशित खबरों की भी अहम भूमिका रही, जिस पर अब कार्रवाई अमल में लाई गई है।




