सनसनीखेज वारदात, पति ने पीट-पीटकर पत्नी को उतारा मौत के घाट

(भूपेन्द्र सिंह राठौर) : बिलासपुर के सिविल लाइन थाना क्षेत्र से एक सनसनीखेज हत्या का मामला सामने आया है। यहां नेहरू नगर इलाके में एक पति ने घरेलू विवाद के दौरान अपनी ही पत्नी की मारपीट कर हत्या कर दी। घटना के बाद आरोपी पति फरार हो गया है, जिसकी तलाश में पुलिस जुटी हुई है। मिली जानकारी के मुताबिक सिविल लाइन थाना क्षेत्र के नेहरू नगर MIG-33 में रहने वाली 37 वर्षीय पुष्पलता यादव की उसके पति युवराज यादव ने मारपीट कर हत्या कर दी। बताया जा रहा है कि घटना से पहले मकान मालकिन घर खाली कराने की बात कहने आई थी। इसी बात को लेकर आरोपी पति नशे की हालत में पत्नी से गाली-गलौज करने लगा और विवाद बढ़ गया।
विवाद के दौरान आरोपी ने पत्नी को मारते हुए घर के अंदर ले जाकर बाथरूम के पास उसका सिर पटक दिया, जिससे उसके सिर और चेहरे पर गंभीर चोट आई। गंभीर चोट लगने से महिला की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद आरोपी पति मौके से फरार हो गया।
सूचना मिलने पर सिविल लाइन थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है और फरार आरोपी की तलाश जारी है। पुलिस का कहना है कि आरोपी को जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा और मामले में आगे की कार्रवाई की जाएगी।




