VIDEO : व्यापार विहार में 8 लाख की चोरी, कार से नकदी से भरा बैग लेकर फरार हुआ आरोपी

(आशीष मौर्य संपादक) : बिलासपुर – न्यायधानी के व्यस्ततम व्यावसायिक क्षेत्र व्यापार विहार में शनिवार देर शाम चोरी की एक बड़ी वारदात सामने आई है। छोटी पार्किंग के पास स्थित ‘हरे कृष्णा ट्रेडर्स’ के संचालक के साथ यह घटना उस वक्त हुई जब वे अपनी दुकान बंद करने की तैयारी कर रहे थे। अज्ञात आरोपी ने कार में रखा 8 लाख रुपयों से भरा बैग पार कर दिया और मौके से फरार हो गया।
व्यापार विहार के छोटी पार्किंग के पास स्थित ‘हरे कृष्णा ट्रेडर्स’ के संचालक की कार से एक अज्ञात आरोपी ने पलक झपकते ही 8 लाख रुपयों से भरा बैग पार कर दिया। घटना के बाद आरोपी मौके से फरार होने में कामयाब रहा।शनिवार रात्रि लगभग 08:30 बजे हरे कृष्णा ट्रेडर्स के मालिक ने अपनी दुकान के गल्ले से नकदी निकालकर सुरक्षित रूप से अपनी कार में रख दिया । इसके बाद वे दुकान का शटर बंद करने लगे। इसी बीच, मौके का फायदा उठाकर एक अज्ञात आरोपी ने कार का दरवाजा खोला और भीतर रखा बैग उठा लिया। बताया जा रहा है कि बैग में करीब 8,00,000 रुपये की नगद राशि था.घटना की सूचना मिलते ही पुलिस विभाग में हड़कंप मच गया।
मामले की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी रजनेश सिंह स्वयं घटनास्थल पर पहुंचे। उन्होंने स्थिति का जायजा लिया और मातहत अधिकारियों को आरोपी की जल्द से जल्द गिरफ्तारी के लिए कड़े दिशा-निर्देश दिए।पुलिस ने आरोपी की तलाश के लिए अलग-अलग टीमें गठित कर दी हैं। घटनास्थल और उसके आसपास के रास्तों पर लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले जा रहे हैं, ताकि आरोपी की पहचान की जा सके और उसके भागने के मार्ग का पता लगाया जा सके। पुलिस का दावा है कि जल्द ही आरोपी सलाखों के पीछे होगा.व्यापार विहार जैसे भीड़भाड़ वाले इलाके में हुई इस घटना ने व्यापारियों के बीच सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ा दी है।




