वाहन चोर गिरोह का पर्दाफाश, 10 दोपहिया वाहन के साथ 2 आरोपी गिरफ्तार

राजधानी में लगातार बढ़ रही दोपहिया वाहन चोरी की घटनाओं पर लगाम लगाने में रायपुर पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। रायपुर पुलिस की एण्टी क्राइम एंड साइबर यूनिट ने दो शातिर वाहन चोरों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से चोरी की कुल 10 दोपहिया वाहन बरामद किए हैं, जिनकी कीमत करीब 5 लाख रुपये बताई जा रही है।
रायपुर कमिश्नरेट के डीसीपी क्राइम एंड साइबर स्मृतिक राजनाला के निर्देशन में गठित विशेष टीम ने पंडरी क्षेत्र में पेट्रोलिंग के दौरान एक्टिवा सवार दो संदिग्ध युवकों को पकड़कर पूछताछ की। सख्ती से पूछताछ करने पर दोनों ने पंडरी बाजार से वाहन चोरी करना स्वीकार किया। आरोपियों की पहचान राज सोनी और सुभाष कुम्हार के रूप में हुई है।
पूछताछ में खुलासा हुआ कि आरोपियों ने रायपुर के पंडरी, खम्हारडीह, खरोरा थाना क्षेत्रों सहित दुर्ग जिले के छावनी क्षेत्र से कुल 10 दोपहिया वाहन चोरी किए थे। पुलिस ने चार मामलों में पूर्व से दर्ज अपराधों की पुष्टि की है, जबकि शेष छह वाहनों के संबंध में भी पंडरी थाना में अलग से मामला दर्ज किया गया है।
गौरतलब है कि आरोपी सुभाष कुम्हार पूर्व में भी वाहन चोरी के मामलों में जेल जा चुका है। फिलहाल दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक कार्रवाई की जा रही है।रायपुर पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि अपने वाहनों में सुरक्षा उपकरणों का उपयोग करें और संदिग्ध गतिविधियों की जानकारी तत्काल पुलिस को दें।




