SBI बिल्हा शाखा में 2 करोड़ से ज्यादा का गबन, तत्कालीन कैशियर गिरफ्तार

(धीरेंद्र मेहता) : बिलासपुर में एंटी करप्शन ब्यूरो ने बड़ी कार्रवाई करते हुए स्टेट बैंक ऑफ इंडिया की बिल्हा शाखा में हुए करोड़ों रुपये के गबन का खुलासा किया है। मामले में तत्कालीन कैशियर तेजवथ थीरापतम्मा को गिरफ्तार किया गया है। आरोपी पर 19 दिसंबर 2024 से 2 जनवरी 2025 के बीच करीब 2 करोड़ 6 लाख 37 हजार 600 रुपये के गबन का आरोप है।
शिकायत शाखा प्रबंधक द्वारा एसीबी मुख्यालय रायपुर में दर्ज कराई गई थी, जिसके आधार पर 19 जनवरी 2026 को भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम 1988 और भारतीय न्याय संहिता की धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई। जांच में बैंक रिकॉर्ड और खातों में हेरफेर कर राशि निकालने की पुष्टि हुई।
26 फरवरी 2026 को गोपनीय सूचना पर एसीबी टीम ने आरोपी को बिल्हा स्थित बैंक परिसर से हिरासत में लेकर गिरफ्तार कर लिया। उसके पास से एक संदिग्ध मोबाइल भी जब्त किया गया है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि गबन की राशि को अलग-अलग खातों में ट्रांसफर कर बैंक खर्च के नाम पर छुपाने की कोशिश की गई। मामले में अन्य आरोपियों की भूमिका की भी जांच जारी है।




