फिल्मी अंदाज में वन विभाग की कार्रवाई, साल लकड़ी से भरा ट्रक जब्त.

(भूपेंद्र सिंह राठौर/ जयेन्द्र गोले) : बिलासपुर वन वृत्त में लकड़ी तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की गई है। कटघोरा वनमंडल के पसान परिक्षेत्र में वन विभाग की टीम ने फिल्मी अंदाज में पीछा कर साल लकड़ी से भरे एक ट्रक को पकड़ लिया। ट्रक में करीब तीन लाख रुपए कीमत की लकड़ी लोड थी, जबकि चालक मौके से फरार हो गया। जानकारी के अनुसार कटघोरा वनमंडल के पसान क्षेत्र में देर रात मुखबिर से सूचना मिली कि ग्राम रामपुर के पास साल प्रजाति के पेड़ों को काटकर ट्रक में लोड कर दूसरे राज्य ले जाया जा रहा है।
डीएफओ कुमार निशांत के निर्देश पर टीम गठित की गई। रात करीब 1:40 बजे टीम ने एमपी पासिंग ट्रक क्रमांक एमपी 17 एचएच 3677 को रोकने का प्रयास किया, लेकिन चालक वाहन लेकर भागने लगा। वन अमले ने पीछा किया तो चालक रामपुर–चवलपुर मार्ग में ट्रक छोड़कर फरार हो गया।
जांच में ट्रक से साल प्रजाति के 15 नग लट्ठे, कुल 6.50 घन मीटर लकड़ी बरामद हुई, जिसकी कीमत करीब तीन लाख रुपए आंकी गई है। ट्रक और लकड़ी को जब्त कर भारतीय वन अधिनियम 1927 की धाराओं के तहत कार्रवाई की जा रही है। वाहन मालिक ने ट्रक किराए पर देने का दावा किया है। मामले की जांच जारी है।




