आर्मी कर्मी के सूने घर से लाखों की चोरी…..

(भूपेंद्र सिंह राठौर/जयेन्द्र गोले) : बिलासपुर में एक बार फिर चोरों ने पुलिस को चुनौती दी है। मंगला स्थित अभिषेक विहार फेस 2 मकान नंबर 65 में अज्ञात चोरों ने सूने घर को निशाना बनाते हुए लाखों के जेवरात और नगदी पर हाथ साफ कर दिया। यह मकान आर्मी/सिग्नल्स में पदस्थ शैलेश कुमार शुक्ला का है।
जानकारी के मुताबिक, कुछ ही दिन पहले शैलेश कुमार शुक्ला के बेटे की शादी हुई थी। घर में नई बहु आई और शादी में मिले सोने-चांदी के कीमती जेवरात और नगदी घर में ही सुरक्षित रखे गए थे। पूरा परिवार दो दिन के लिए पारिवारिक कार्यक्रम में शामिल होने बाहर गया हुआ था। इसी दौरान चोरों ने सूने मकान का फायदा उठाते हुए मुख्य दरवाजे पर लगा ताला उखाड़ दिया और अंदर घुस गए। चोरों ने ग्राउंड फ्लोर मे अलमारी को तोडा ओर उसमें रखे कुछ गहने ओर नगदी पर हाथ साफ किया,फिर सीधे बेटे बहु के कमरे तक पहुंचे और शादी में मिले सोने-चांदी के जेवरात, नगदी और अन्य कीमती सामान पर हाथ साफ कर दिया। नीचे रखे गए अन्य सामानों को भी खंगाला गया। घर की अलमारियां टूटी हुई मिलीं और सामान बिखरा पड़ा था। मकान मालिक की मानें तो लगभग 4 से 5 लाख रुपये की चोरी हुई है।
घटना की सूचना मिलते ही सिविल लाइन थाना पुलिस मौके पर पहुंची। डॉग स्क्वॉड और फिंगरप्रिंट एक्सपर्ट की टीम को बुलाकर साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। पुलिस को आशंका है कि किसी शातिर गिरोह ने रेकी के बाद वारदात को अंजाम दिया है।
पुलिस का कहना है कि चोरी का तरीका पुराने मामलों से मिलता-जुलता है। आशंका जताई जा रही है कि किसी शातिर चोर गिरोह ने वारदात को अंजाम दिया है। फिलहाल आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है और संदिग्धों से पूछताछ की जा रही है। लगातार बढ़ रही चोरियों से कॉलोनीवासियों में दहशत का माहौल है। फिलहाल पुलिस जांच में जुटी है और जल्द खुलासे का दावा कर रही है।




