स्टेशन पर छत्तीसगढ़ एक्सप्रेस का ब्रेक जाम, पहिए से उठा धुआं, आधे घंटे अफरा-तफरी

(भूपेंद्र सिंह राठौर) : कोरबा से बिलासपुर की ओर आ रही छत्तीसगढ़ एक्सप्रेस में उस वक्त हड़कंप मच गया, जब उरगा रेलवे स्टेशन पर एक कोच के पहिए से अचानक धुआं उठने लगा। ब्रेक जाम होने के कारण यह स्थिति बनी। एहतियातन ट्रेन को करीब आधे घंटे तक रोका गया, जिसके बाद तकनीकी खामी दूर कर ट्रेन को रवाना किया गया।
जानकारी के अनुसार, कोरबा से बिलासपुर की ओर आ रही थी। जैसे ही ट्रेन पहुंची, एक स्लीपर कोच के पहिए के नीचे से तेज धुआं निकलता दिखाई दिया, धुआं देखकर यात्रियों में दहशत फैल गई। कई यात्री एहतियातन कोच से नीचे उतर गए। स्टेशन पर कुछ देर के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया।रेलवे स्टाफ ने तत्काल स्थिति को संभाला और यात्रियों को आश्वस्त किया कि यह तकनीकी समस्या है। प्रारंभिक जांच में ब्रेक जाम, जिसे रेलवे की भाषा में ‘ब्रेक बाइंडिंग’ कहा जाता है, कारण सामने आया। लगातार घर्षण के चलते पहिया गर्म हो गया और धुआं उठने लगा।
सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए ट्रेन को लगभग आधे घंटे तक स्टेशन पर रोका गया। मौके पर मौजूद तकनीकी टीम ने जांच कर खामी को दूर किया, जिसके बाद ट्रेन को बिलासपुर के लिए रवाना किया गया। हालांकि इस घटना के बाद मेंटेनेंस व्यवस्था को लेकर सवाल जरूर उठने लगे हैं।रेलवे अधिकारियों का कहना है कि सभी यात्री सुरक्षित हैं और स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में रही। बावजूद इसके, व्यस्त रूट पर हुई इस घटना ने यात्रियों को कुछ देर के लिए दहशत में जरूर डाल दिया।




