लालखदान से दर्रीघाट तक फोरलेन सड़क की कवायद, 146 पेड़ कटेंगे, 10 गुना पौधारोपण का दावा

(भूपेंद्र सिंह राठौर) : बिलासपुर में लालखदान से दर्रीघाट तक सड़क चौड़ीकरण की तैयारी तेज हो गई है। फोरलेन निर्माण के लिए 146 पेड़ों की कटाई की जाएगी। पीडब्ल्यूडी ने इसके लिए वन विभाग को 14 लाख 70 हजार 721 रुपये जमा कर दिए हैं। अनुमति मिलते ही कटाई और परिवहन का काम शुरू होगा।बेहतर यातायात व्यवस्था को ध्यान में रखते हुए लोक निर्माण विभाग छत्तीसगढ़ ने लालखदान से दर्रीघाट तक सड़क चौड़ीकरण का प्रस्ताव शासन को भेजा था।
स्वीकृति मिलने के बाद सर्वे में सामने आया कि सड़क किनारे खड़े 146 पेड़ निर्माण की जद में आ रहे हैं।चूंकि पेड़ काटने का अधिकार पीडब्ल्यूडी के पास नहीं है, इसलिए प्रस्ताव वन विभाग को भेजा गया। सर्वे में सागौन, नीम, अर्जुन समेत कई बहुमूल्य प्रजातियों की पहचान की गई। वन विभाग ने कटाई और परिवहन का खर्च तय किया, जिसके बाद 14 लाख से अधिक की राशि जमा करा दी गई है।
पर्यावरण नियमों के तहत काटे जाने वाले प्रत्येक पेड़ के बदले 10 गुना पौधारोपण अनिवार्य है। इसी के तहत 6 लाख 34 हजार 255 रुपये की राशि भी प्लांटेशन के लिए जमा की गई है। नई जगह पर पौधारोपण कर पर्यावरण संतुलन बनाए रखने का दावा किया गया है।
कटाई के दिन बिजली वितरण कंपनी और यातायात पुलिस का अमला भी मौजूद रहेगा। बिजली सप्लाई अस्थायी रूप से बंद करनी पड़ सकती है और व्यस्त मार्ग होने के कारण यातायात व्यवस्था संभालने विशेष इंतजाम किए जाएंगे। अब सबकी नजर डीएफओ की अंतिम स्वीकृति पर टिकी है, जिसके बाद काम शुरू होगा।




