तंजानिया में गोल्ड माइन के नाम पर 1.90 करोड़ की ठगी, वियतनाम भागने से पहले मुंबई एयरपोर्ट से आरोपी गिरफ्तार

रायपुर के सेंट्रल ज़ोन पुलिस ने अंतरराष्ट्रीय स्तर की ठगी के मामले में बड़ी सफलता हासिल की है। आरोपी यश राजेश शाह ने समर्थ बरडिया और उनके साथी मुकुल चोपड़ा को तंजानिया में सोने की खदान में भागीदारी और निवेश का झांसा देकर 1 करोड़ 90 लाख रुपये की धोखाधड़ी की। जांच में खुलासा हुआ कि आरोपी के पास तंजानिया में किसी भी प्रकार का वैध खनन अधिकार नहीं था।
पीड़ित की शिकायत पर थाना सिविल लाइन में अपराध क्रमांक 34/2026 के तहत धारा 420, 423, 467, 468 और 120बी भादवि के अंतर्गत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई। मामले की गंभीरता को देखते हुए आरोपी के विरुद्ध लुक आउट सर्कुलर जारी किया गया। इसी दौरान सूचना मिली कि आरोपी देश छोड़कर वियतनाम भागने की तैयारी में मुंबई एयरपोर्ट पहुंचा था, जहां दस्तावेजों की जांच के दौरान उसे ट्रेस कर लिया गया।
पुलिस टीम ने तत्परता दिखाते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में आरोपी ने धोखाधड़ी करना स्वीकार किया है। उसके कब्जे से एक आईफोन और पासपोर्ट जब्त किया गया है। पुलिस द्वारा मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।




