अंधे कत्ल का खुलासा: पत्नी ने तीन नाबालिगों संग मिलकर की पति की हत्या, शव जलाने की कोशिश

जशपुर पुलिस ने सिटी कोतवाली क्षेत्र के पुरना नगर स्थित तुरीटोंगरी जंगल में मिली अधजली लाश के मामले की गुत्थी सुलझा ली है। पुलिस जांच में मृतक की पहचान महावीर राम भगत (49 वर्ष), निवासी गड़ियोटोंगरी मनोरा के रूप में हुई। इस सनसनीखेज हत्याकांड में मृतक की पत्नी सुमित्रा भगत को मुख्य आरोपिया बनाया गया है, जबकि दो नाबालिग बालिकाएं और एक नाबालिग बालक भी इस अपराध में शामिल पाए गए हैं।
पुलिस के अनुसार, 18 अक्टूबर 2025 को घरेलू विवाद के दौरान सुमित्रा भगत ने आवेश में आकर अपने पति पर छोटी गैंती से हमला किया और बाद में गला दबाकर उसकी हत्या कर दी। घटना के समय घर में मौजूद नाबालिग बच्चों ने भी शव छिपाने में उसकी मदद की। रात के समय पड़ोस के एक नाबालिग बालक की सहायता से शव को तुरीटोंगरी जंगल ले जाकर पेट्रोल डालकर जलाने का प्रयास किया गया, ताकि पहचान मिटाई जा सके।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तकनीकी साक्ष्य, डीएनए जांच और गहन पूछताछ के आधार पर पूरे प्रकरण का खुलासा किया। आरोपिया सुमित्रा भगत को न्यायिक रिमांड पर जेल भेजा गया है, वहीं विधि से संघर्षरत नाबालिगों को बाल संप्रेषण गृह भेजा गया। पुलिस ने हत्या में प्रयुक्त गैंती, पेट्रोल की जरकीन और टॉर्च भी जब्त की है।




