पुलिस की बड़ी कामयाबी, 36 घंटे के सर्च ऑपरेशन ‘विराट’ में नक्सलियों का जखीरा बरामद

गरियाबंद। जिला पुलिस की E-30 आ.प.स. टीम को नक्सल विरोधी अभियान में बड़ी सफलता मिली है। मैनपुर थाना क्षेत्र के उड़ीसा सीमा से लगे भालूडिग्गी और मटाल की पहाड़ियों में नक्सलियों द्वारा डंप किए गए भारी मात्रा में हथियार बरामद किए गए हैं। यह कार्रवाई खुफिया सूचना के आधार पर की गई।
पुलिस ने सर्च के दौरान दो इंसास राइफल, एक 303 राइफल, दो 12 बोर राइफल, एक देशी कट्टा, BJL सहित अन्य हथियार बरामद किए हैं। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि यह हथियार माओवादियों द्वारा भविष्य की बड़ी वारदातों के लिए छिपाकर रखे गए थे।
बताया जा रहा है कि ओडिसा स्टेट कमिटी के मारे गए सेंट्रल कमिटी मेंबर चलपति, मोडेम बालकृष्ण उर्फ मनोज और गणेश उइके की निगरानी में हथियारों का टेक्निकल वर्कशॉप संचालित होता था। पुलिस द्वारा चलाए गए 36 घंटे के सर्च ऑपरेशन ‘विराट’ के दौरान मटाल और भालूडिग्गी की पहाड़ियों में 6 अलग-अलग स्थानों से यह हथियार जखीरा बरामद किया गया है।




