लिंक एक्सप्रेस में अव्यवस्था : जनरल–दिव्यांग कोचों में नियमों की धज्जियां, यात्रियों की सुरक्षा पर सवाल

(भूपेन्द्र सिंह राठौर) : बिलासपुर रेलवे स्टेशन में विशाखापट्टनम लिंक एक्सप्रेस में भारी भीड़ के चलते यात्रियों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। ट्रेन के जनरल कोच में हालात ऐसे हैं कि यात्रियों को पैर रखने तक की जगह नहीं मिल पा रही है। स्थिति यह है कि महिला यात्रियों के लिए आरक्षित सीटों पर पुरुष बैठकर सफर कर रहे हैं, वहीं दिव्यांग कोच में भी सक्षम पुरुष और महिलाएं यात्रा करते नजर आ रहे हैं।
सबसे गंभीर बात यह है कि ट्रेन में यात्रियों की देखरेख और व्यवस्था बनाए रखने के लिए न तो टीटीई और न ही आरपीएफ के जवान नजर आ रहे हैं।
अनावश्यक भीड़ का असर स्लीपर कोचों पर भी साफ दिख रहा है, जहां आरक्षित टिकट लेकर यात्रा करने वाले यात्री खुद को असुरक्षित और परेशान महसूस कर रहे हैं।यात्रियों ने रेलवे प्रशासन से मांग की है कि भीड़ नियंत्रण, सुरक्षा और नियमों के पालन को लेकर तत्काल ठोस कदम उठाए जाएं।




