वन विभाग में बड़ी प्रशासनिक कार्रवाई, बेलतरा परिक्षेत्र सहायक हटाए गए

(भूपेंद्र सिंह राठौर) : बिलासपुर वनमंडल से जुड़ी एक अहम प्रशासनिक कार्रवाई सामने आई है। मुख्य वनसंरक्षक बिलासपुर वृत्त ने शासकीय कार्यों में लापरवाही, अनुशासनहीनता और वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशों की अवहेलना को गंभीरता से लेते हुए बेलतरा परिक्षेत्र सहायक के खिलाफ सख्त कदम उठाया है।
मुख्य वनसंरक्षक कार्यालय से जारी आदेश के अनुसार, बिलासपुर वनमंडल अंतर्गत वन परिक्षेत्र बिलासपुर के बेलतरा परिवृत्त में पदस्थ वनपाल वेद प्रकाश शर्मा पर विभागीय कार्यों को लंबे समय तक लंबित रखने के आरोप हैं। इन कार्यों में बीएमसी खातों की जानकारी प्रस्तुत न करना, फायर लाइन कटाई कार्य में लापरवाही, प्राकृतिक पुनरुत्पादन और कूप कार्यों को समय पर पूर्ण न करना शामिल है।आदेश में यह भी उल्लेख है कि संबंधित अधिकारी को विभागीय कार्यों को विधिवत पूर्ण कर प्रमाणक प्रस्तुत करने के लिए कई बार निर्देश दिए गए, लेकिन इसके बावजूद न केवल निर्देशों की अनदेखी की गई बल्कि वरिष्ठ अधिकारियों को अमर्यादित जवाब भी दिए गए।
वन विभाग ने इसे शासकीय कर्तव्यों और पदीय दायित्वों के निर्वहन में गंभीर लापरवाही और स्वेच्छाचारिता की श्रेणी में माना है। इसी आधार पर वेद प्रकाश शर्मा को परिक्षेत्र सहायक बेलतरा के प्रभार से मुक्त करते हुए मुंगेली वनमंडल में पदस्थ किया गया है।
वहीं वन एवं वन्यप्राणियों की सुरक्षा के साथ-साथ वानिकी कार्यों को प्रभावित होने से बचाने के लिए वैकल्पिक व्यवस्था भी की गई है। वनमंडल बिलासपुर की उड़नदस्ता टीम में पदस्थ वनपाल लोकमणी त्रिपाठी को आगामी आदेश तक अस्थायी रूप से परिक्षेत्र सहायक बेलतरा नियुक्त किया गया है।वन विभाग की इस कार्रवाई को प्रशासनिक सख्ती के संकेत के तौर पर देखा जा रहा है। माना जा रहा है कि इससे मैदानी स्तर पर वन संरक्षण और विभागीय कार्यों में अनुशासन और जवाबदेही सुनिश्चित की जा सकेगी।




