नशा और हथियार सप्लाई गिरोह पर बड़ा प्रहार, दो आरोपी गिरफ्तार, पिस्टल-कारतूस और 1100 नशीली टेबलेट जप्त

बिलासपुर पुलिस ने अवैध नशे के कारोबार और अवैध हथियारों की अंतर्राज्य सप्लाई करने वाले गिरोह के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। थाना सिविल लाइन पुलिस द्वारा गठित विशेष टीम ने मिनीबस्ती क्षेत्र में रेड और सघन चेकिंग के दौरान प्रतिबंधित नशीली टेबलेट, ऑटोमेटिक पिस्टल और कारतूस बरामद किए हैं। आरोपियों के विरुद्ध एनडीपीएस एक्ट एवं आर्म्स एक्ट के तहत वैधानिक कार्रवाई की गई है।
पुलिस के अनुसार, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक बिलासपुर के निर्देश पर अवैध नशा और हथियार तस्करी पर अंकुश लगाने विशेष अभियान चलाया जा रहा था। इसी क्रम में थाना सिविल लाइन, थाना तारबाहर और लाइन बल की संयुक्त टीम ने मिनीबस्ती क्षेत्र में कार्रवाई करते हुए आरोपी स्वराज कुर्रे को पकड़ा। उसके कब्जे से लगभग 1100 नग प्रतिबंधित नशीली टेबलेट, एक ऑटोमेटिक पिस्टल, दो मैग्जीन और 20 जिंदा कारतूस बरामद किए गए।
पूछताछ में आरोपी ने हथियार की सप्लाई भोपाल निवासी धीरेंद्र सिंह तोमर द्वारा किए जाने की जानकारी दी। इसके बाद पुलिस ने तत्काल विशेष टीम को भोपाल रवाना किया, जहां स्थानीय इनपुट के आधार पर आरोपी धीरेंद्र तोमर को गिरफ्तार किया गया। उसके कब्जे से एक पिस्टल और दो मैग्जीन जप्त की गई हैं। पुलिस के मुताबिक आरोपी पूर्व में भी बिलासपुर में पिस्टल सप्लाई के मामलों में संलिप्त रहा है।
दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश किया गया है, वहीं धीरेंद्र तोमर की पुलिस रिमांड लेकर विस्तृत पूछताछ की जा रही है। पुलिस का कहना है कि गिरोह से जुड़े अन्य सप्लायरों और सहयोगियों की तलाश जारी है। इसके साथ ही आरोपियों द्वारा अवैध रूप से अर्जित संपत्तियों की पहचान कर ली गई है, जिन पर शीघ्र ही जब्ती की कार्रवाई कर आर्थिक प्रहार किया जाएगा।




