देश

ढाबे पर खाना देरी से परोसने को लेकर हुए विवाद में दो युवकों की हत्या….

देर रात खाने के दौरान हुआ एक मामूली सा विवाद देखते ही देखते खूनी संघर्ष में बदल गया। बात सिर्फ खाने और पैसों की थी, लेकिन कुछ ही मिनटों में चाकू निकल आए और दो युवकों की मौके पर ही मौत हो गई। एक अन्य युवक गंभीर रूप से घायल है। घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत का माहौल बन गया।

Advertisement

यह सनसनीखेज वारदात गाजियाबाद जिले के खोड़ा थाना क्षेत्र में अंबेडकर गेट के पास स्थित वैष्णो ढाबे की है। शुक्रवार रात करीब 10 बजे फैक्ट्री में काम करने वाले दोस्त सत्यम, श्रीपाल और अनुराग ई-रिक्शा से ढाबे पर खाना खाने पहुंचे थे।

Advertisement

बताया जा रहा है कि शराब के साथ खाने का सामान मंगवाने और खाना देर से परोसने को लेकर पहले कहासुनी हुई। इसके बाद जब युवकों ने खाने का बिल मांगा तो ढाबा कर्मचारियों से विवाद और बढ़ गया। बहस इतनी तेज हुई कि दोनों ओर से मारपीट शुरू हो गई।

 

इसी दौरान आरोप है कि ढाबा कर्मचारियों ने चाकू या किसी नुकीले हथियार से तीनों युवकों पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया। चाकू लगने से 26 वर्षीय सत्यम और 25 वर्षीय श्रीपाल की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि अनुराग गंभीर रूप से घायल हो गया।

 

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस के आला अधिकारी मौके पर पहुंचे।डीसीपी ट्रांस हिंडन निमिष पाटिल, एसीपी इंदिरापुरम अभिषेक श्रीवास्तव और खोड़ा थाना पुलिस घटनास्थल पर पहुंची। पुलिस ने कई संदिग्धों को हिरासत में लिया है और उनसे पूछताछ की जा रही है।

 

निमिष पाटिल, डीसीपी ट्रांस हिंडन ने बताया कि – “शराब पीने को लेकर विवाद हुआ था। इस घटना में दो लोगों की मौत हो गई है, जबकि एक युवक घायल है। उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है। मामले की जांच की जा रही है, पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।”

 

Related Articles

Back to top button