रायगढ़

अवैध कारोबार पर पुलिस का प्रहार: गांजा तस्करी, अवैध शराब और जुए पर ताबड़तोड़ कार्रवाई, कई आरोपी गिरफ्तार

रायगढ़ – वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के निर्देश पर रायगढ़ जिले में मादक पदार्थ, अवैध शराब एवं जुए के खिलाफ सघन अभियान लगातार जारी है। इसी क्रम में लैलूंगा और जूटमिल थाना पुलिस ने अलग-अलग स्थानों पर बड़ी कार्रवाई करते हुए गांजा तस्करी, अवैध शराब बिक्री और जुए में लिप्त आरोपियों को गिरफ्तार किया है।लैलूंगा थाना पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर ग्राम कुंजारा बस स्टैंड के पास घेराबंदी कर दो आरोपियों को धर दबोचा। आरोपियों के कब्जे से 4.277 किलोग्राम गांजा, एक मोबाइल फोन और नगदी जब्त की गई। पुलिस ने दोनों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर उन्हें रिमांड पर भेज दिया है।

Advertisement

इसी थाना क्षेत्र में अवैध शराब के खिलाफ कार्रवाई करते हुए पुलिस ने बिना नंबर की मोटरसाइकिल से कच्ची महुआ शराब ले जाते एक आरोपी को पकड़ा। आरोपी के पास से 45 लीटर हाथ भट्ठी की बनी कच्ची महुआ शराब और मोटरसाइकिल जब्त कर आबकारी एक्ट के तहत कार्रवाई की गई।वहीं जूटमिल थाना पुलिस ने ग्राम अमलीपाली में रेड कार्रवाई कर एक आरोपी के घर से 10 लीटर अवैध शराब बरामद की। पुलिस को सूचना मिली थी कि आरोपी घर से अवैध शराब की बिक्री कर रहा था।

Advertisement

इसके अलावा लैलूंगा थाना क्षेत्र के नहरपारा रोड पर स्ट्रीट लाइट के नीचे जुआ खेलते हुए तीन जुआरियों को पुलिस ने रंगे हाथ पकड़ा। आरोपियों के कब्जे से नगदी और ताश पत्ते जब्त कर जुआ एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज किया गया है।

 

एसएसपी रायगढ़ शशि मोहन सिंह ने स्पष्ट संदेश देते हुए कहा है कि जिले में अवैध मादक पदार्थ, शराब और जुए के कारोबार में लिप्त लोगों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा और आगे भी ऐसी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

Related Articles

Back to top button