बिलासपुर

डीआरएम कार्यालय में हर्षोल्लास के साथ मना गणतंत्र दिवस, डीआरएम राकेश रंजन ने फहराया तिरंगा

(भूपेंद्र सिंह राठौर) : बिलासपुर। दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे के बिलासपुर मंडल में 26 जनवरी को गणतंत्र दिवस की 77वीं वर्षगांठ पूरे हर्षोल्लास और गरिमामय वातावरण में मनाई गई। मंडल रेल प्रबंधक कार्यालय परिसर में आयोजित मुख्य समारोह में मंडल रेल प्रबंधक राकेश रंजन ने ध्वजारोहण किया। राष्ट्रगान के साथ कार्यक्रम की शुरुआत हुई, जिससे परिसर देशभक्ति के रंग में रंग गया।इस अवसर पर सेक्रो की अध्यक्षा रीता श्रीवास्तव, अपर मंडल रेल प्रबंधक, विभिन्न शाखाओं के अधिकारी, कर्मचारी तथा अलग-अलग एसोसिएशन के प्रतिनिधि मौजूद रहे।

Advertisement

ध्वजारोहण के बाद अपने संबोधन में मंडल रेल प्रबंधक राकेश रंजन ने मंडल की उपलब्धियों की जानकारी देते हुए बताया कि बिलासपुर मंडल ने मात्र 288 दिनों में 150 मिलियन टन से अधिक माल लोडिंग कर भारतीय रेलवे में नया कीर्तिमान स्थापित किया है। वहीं, मंडल द्वारा 2 करोड़ 13 लाख से अधिक यात्रियों को सुरक्षित यात्रा सुविधा प्रदान की गई। टिकट चेकिंग के माध्यम से 12.70 करोड़ रुपये का राजस्व अर्जित किया गया, जो पिछले वर्ष की तुलना में 89 प्रतिशत की उल्लेखनीय वृद्धि है।

Advertisement

उन्होंने बताया कि अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत मंडल के 18 रेलवे स्टेशनों का पुनर्विकास कार्य प्रगति पर है, जिससे यात्रियों को बेहतर सुविधाएं मिलेंगी।कार्यक्रम के अंत में मंडल रेल प्रबंधक ने सभी अधिकारियों, कर्मचारियों और उनके परिवारजनों को गणतंत्र दिवस की शुभकामनाएं दीं और समारोह का समापन किया।

Related Articles

Back to top button