जल जीवन मिशन से बदली छत्तीसगढ़ की तस्वीर, 32 लाख से ज्यादा घरों तक पहुँचा नल से जल

छत्तीसगढ़ में जल जीवन मिशन के तहत ग्रामीण पेयजल व्यवस्था में ऐतिहासिक सुधार देखने को मिला है। उपमुख्यमंत्री अरुण साव ने कहा कि सरकार का लक्ष्य प्रत्येक ग्रामीण परिवार को सुरक्षित, शुद्ध और सतत पेयजल उपलब्ध कराना है। नवा रायपुर में आयोजित पत्रकार वार्ता में उन्होंने बताया कि राज्य में अब तक 40 लाख 87 हजार से अधिक घरेलू नल कनेक्शन दिए जा चुके हैं, जिससे 32 लाख से ज्यादा घरों तक नल से शुद्ध पानी पहुंच रहा है।
उपमुख्यमंत्री ने बताया कि वर्तमान में 5,564 गांवों को ‘हर घर जल ग्राम’ घोषित किया जा चुका है, जबकि 6,572 गांवों में शत-प्रतिशत नल कनेक्शन का कार्य पूर्ण हो गया है। जल गुणवत्ता सुनिश्चित करने के लिए राज्य में 77 जल परीक्षण प्रयोगशालाएं संचालित हैं और शिकायतों के त्वरित समाधान के लिए टोल फ्री नंबर भी जारी किया गया है।
उन्होंने स्पष्ट किया कि जल जीवन मिशन में गुणवत्ता से कोई समझौता नहीं किया जाएगा। लापरवाही पर 28 करोड़ रुपये से अधिक का जुर्माना लगाया गया है और दोषी फर्मों व अधिकारियों पर सख्त कार्रवाई की गई है। सरकार का दावा है कि शेष बचे नल कनेक्शन और अधूरी योजनाओं को जल्द पूरा कर छत्तीसगढ़ को ‘हर घर जल’ राज्य बनाया जाएगा।




