अतिक्रमण पर चला प्रशासन का बुलडोजर, पुराने बस स्टैंड से अवैध दुकान हटाई गई

(मनीष नामदेव) : मुंगेली जिले में अतिक्रमण के खिलाफ प्रशासन ने सख्त कार्रवाई की है। शहर के पुराने बस स्टैंड क्षेत्र में अवैध रूप से बनाए गए निर्माण पर आज प्रशासन का बुलडोजर चला। यह कार्रवाई राजस्व विभाग, नगर पालिका और पुलिस विभाग की संयुक्त टीम द्वारा की गई।
प्रशासन के अनुसार, पुराने बस स्टैंड में अतिक्रमण कर दुकान का निर्माण किया गया था। नगर पालिका द्वारा पूर्व में संबंधित पक्ष को नोटिस जारी कर अतिक्रमण हटाने के निर्देश दिए गए थे, लेकिन निर्धारित समय सीमा में अतिक्रमण नहीं हटाया गया। इसके बाद आज जेसीबी मशीन की मदद से अवैध निर्माण को ध्वस्त किया गया।
कार्रवाई के दौरान किसी भी तरह की अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए सुबह से ही मौके पर प्रशासनिक अमला और पुलिस बल तैनात रहा। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि शहर में अवैध अतिक्रमण के खिलाफ आगे भी इसी तरह की कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।




