बिलासपुर

सागौन तस्करी पर बड़ी कार्रवाई, 36 नग सागौन जब्त, मुख्य आरोपी गिरफ्तार

(भूपेंद्र सिंह राठौर) : बिलासपुर वन मंडल से सागौन की अवैध कटाई और तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई सामने आई है।कोटा सर्कल में वन विभाग और पुलिस की संयुक्त टीम ने रात के अंधेरे में सागौन की इमारती लकड़ी ले जाते एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। मौके से भारी मात्रा में सागौन, वाहन और औजार जब्त किए गए हैं।

Advertisement

वन मंडल अधिकारी नीरज के निर्देशानुसार और उपवन मंडल अधिकारी कोटा अनिल भास्करन के मार्गदर्शन में यह कार्रवाई की गई। वन परिक्षेत्र अधिकारी कोटा सुरेश कुमार बंजारे के नेतृत्व में मुखबिर से सूचना मिलने पर 11 जनवरी की रात वन अमला गश्त पर निकला।गश्त के दौरान कक्ष क्रमांक RF 2494 में एक पिकअप वाहन में सागौन की इमारती लकड़ी लोड की जा रही थी।

Advertisement

वन अमला और पुलिस टीम को देखते ही पिकअप वाहन क्रमांक CG12 E 0558 का चालक जंगल की ओर भागने लगा, लेकिन पीछा कर मुख्य आरोपी अनिल श्रीवास, पिता शिवकुमार श्रीवास को पकड़ लिया गया।

अन्य आरोपी मौके से फरार हो गए। पिकअप वाहन से 14 नग सागौन लट्ठे बरामद किए गए, जबकि घटनास्थल से 22 नग और सागौन लट्ठे मिले। इस तरह कुल 36 नग सागौन वनोपज, जिसकी मात्रा 2.832 घन मीटर है, जब्त की गई। मौके से एक होंडा शाइन मोटरसाइकिल (CG 28 S 7910), पांच हाथ मगरा आरा और एक मोबाइल फोन भी जब्त किया गया। जप्त वनोपज की कीमत 1 लाख 56 हजार 593 रुपये, जबकि वाहन की अनुमानित कीमत 2 लाख 40 हजार रुपये आंकी गई है।

मुख्य आरोपी को 12 जनवरी को गिरफ्तार कर न्यायालय प्रथम श्रेणी कोटा में पेश किया गया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया। संयुक्त कार्रवाई में वन विभाग और थाना कोटा पुलिस की अहम भूमिका रही।

Related Articles

Back to top button