बिलासपुर

बिलासपुर वन मंडल में अवैध उत्खनन पर सख्ती, दो ट्रैक्टर जब्त, सागौन लकड़ी बरामद

(भूपेंद्र सिंह राठौर) : बिलासपुर वन मंडल में अवैध उत्खनन के खिलाफ वन विभाग की सख्ती लगातार जारी है। कोटा परियोजना मंडल की कार्रवाई में अवैध रेत और मिट्टी उत्खनन में संलिप्त दो ट्रैक्टर जब्त किए गए हैं। इसके साथ ही अवैध कटाई के एक मामले में सागौन की लकड़ी भी बरामद की गई है।

Advertisement

कोटा परियोजना मंडल, बिलासपुर की टीम ने परिक्षेत्र तेंदुआ के कक्ष क्रमांक पी-128 में अवैध रूप से काटी गई सागौन की लकड़ी जब्त की। मौके से आरोपी फरार हो गए, जबकि चार नग सागौन लठ्ठा जब्त कर वन अपराध दर्ज किया गया।वहीं दूसरी कार्रवाई में कोटा परिक्षेत्र के आर.एफ.-172 कक्ष में नाले से अवैध रूप से रेत और मिट्टी का उत्खनन कर परिवहन किया जा रहा था। वन अमले ने घेराबंदी कर मौके से दो ट्रैक्टर-ट्रॉली जब्त की, जिनमें रेत और मिट्टी भरी हुई थी। जब्त किए गए ट्रैक्टरों में एक महेन्द्रा ट्रैक्टर और एक जॉन डीयर ट्रैक्टर शामिल है।

Advertisement

दोनों वाहन स्वामियों—बुधराम सिंह मरकाम और ओमप्रकाश मरावी—के खिलाफ भारतीय वन अधिनियम 1927 की धारा 1(ख) के तहत अलग-अलग प्रकरण दर्ज कर वाहनों को राजसात किए जाने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।

यह कार्रवाई मंडल प्रबंधक सत्यदेव शर्मा के निर्देश पर परियोजना परिक्षेत्र अधिकारी वैभव साहू के नेतृत्व में की गई। अभियान में वन विभाग के अधिकारी-कर्मचारियों और सुरक्षा श्रमिकों की सक्रिय भूमिका रही।

Related Articles

Back to top button