GGU में आलूगुंडा विवाद चाकूबाजी तक पहुंचा, छात्रावास मेस में बवाल

(भूपेन्द्र सिंह राठौर) : बिलासपुर की गुरु घासीदास सेंट्रल यूनिवर्सिटी में आलूगुंडा को लेकर ऐसा बवाल मचा कि मामला चाकू तक पहुंच गया। तात्या भील छात्रावास की मेस में रसोइए पर छात्र को चाकू लेकर दौड़ाने का आरोप है। घटना के बाद छात्रों ने पुलिस गाड़ी को घेर लिया। पूरा विवाद सीसीटीवी में कैद हुआ है। घटना रविवार शाम करीब साढ़े छह बजे की है। सेंट्रल यूनिवर्सिटी के तात्या भील बालक छात्रावास में बीटेक तृतीय वर्ष का छात्र हर्ष अग्रवाल नाश्ते में बने आलूगुंडा लेने किचन पहुंचा था।
इसी दौरान मेस में काम कर रहे रसोइए से उसकी कहासुनी हो गई। देखते ही देखते विवाद गाली-गलौज और फिर हाथापाई में बदल गया। सीसीटीवी फुटेज में साफ दिखाई दे रहा है कि रसोइया किचन प्लेटफॉर्म फांदकर छात्र की ओर दौड़ता है। उसके हाथ में चाकू भी नजर आ रहा है।दूसरे कैमरे में गैलरी में छात्र और रसोइए के बीच हाथापाई होती दिख रही है, जिसके पीछे अन्य छात्र भी दौड़ते नजर आते हैं।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मेस के दो कर्मचारियों को हिरासत में लिया। लेकिन जब पुलिस कर्मचारियों को वाहन में बैठा रही थी, तभी कथित तौर पर धमकी दिए जाने से छात्र भड़क गए और पुलिस गाड़ी को घेरकर हंगामा शुरू कर दिया।
घटना के बाद छात्रों ने मेस कर्मचारियों के पुलिस वेरिफिकेशन और कैंपस सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े किए हैं। फिलहाल पुलिस जांच में जुटी है, लेकिन इस घटना ने सेंट्रल यूनिवर्सिटी की सुरक्षा व्यवस्था पर एक बार फिर सवाल खड़े कर दिए हैं।




