प्रतिबंधित हुक्का सामग्री का भंडारण करने वाला आरोपी गिरफ्तार

रायपुर पुलिस ने नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए प्रतिबंधित हुक्का सामग्री का भंडारण करने वाले एक आरोपी को गिरफ्तार किया है।यह कार्रवाई पुलिस महानिरीक्षक रायपुर रेंज अमरेश मिश्रा और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. लाल उमेद सिंह के निर्देश पर की गई।
खम्हारडीह थाना क्षेत्र के गीतांजली कॉम्प्लेक्स के पास स्थित एक मकान में प्रतिबंधित हुक्का से जुड़ी सामग्री के भंडारण की सूचना पर पुलिस ने छापा मारा।
रेड के दौरान मकान से हुक्का पॉट, पाइप, नोजल, कोल, विभिन्न फ्लेवर, तंबाकू समेत हुक्का से जुड़ी अन्य सामग्री बरामद की गई।
पुलिस ने मौके से आरोपी सूरज नायडू, उम्र 37 वर्ष, निवासी खम्हारडीह, रायपुर को गिरफ्तार किया।
जब्त सामग्री की कुल कीमत लगभग 40 हजार रुपये बताई जा रही है।आरोपी के खिलाफ थाना खम्हारडीह में सिगरेट और अन्य तंबाकू उत्पाद अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस का कहना है कि नशे के अवैध कारोबार पर सख्ती जारी रहेगी।




