जशपुर
नेशनल हाईवे पर सड़क हादसा, ट्रकों की टक्कर में दो चालकों की मौत

जशपुर जिले में नेशनल हाइवे-43 पर एक सड़क हादसे में दो ट्रकों की आमने-सामने टक्कर हो गई। इस हादसे में दोनों ट्रक चालकों की मौके पर ही मौत हो गई।यह दुर्घटना सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र के काईकछार इलाके में हुई। हादसे में शामिल एक ट्रक कोयला लोड था, जबकि दूसरा ट्रक मक्का लेकर जा रहा था। टक्कर इतनी तेज थी कि दोनों ट्रकों के केबिन क्षतिग्रस्त हो गए और चालक वाहन के अंदर फंस गए।
घटना की सूचना मिलने पर पुलिस और राहत दल मौके पर पहुंचा। गैस कटर की मदद से कड़ी मशक्कत के बाद दोनों चालकों के शवों को बाहर निकाला गया और पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया।
हादसे के बाद कुछ समय के लिए नेशनल हाइवे-43 पर यातायात प्रभावित रहा। पुलिस ने मौके पर स्थिति संभाली।फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है और हादसे के कारणों का पता लगाया जा रहा है।




